अन्नदाताओं का सम्मान कर धान खरीदी का शुभारंभ, देवारीभाट में पांच किसानों ने बेचा 161.20 क्विंटल धान

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने किसानों का किया स्वागत
खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देवारीभाट धान उपार्जन केंद्र में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने किसानों का पुष्पमाला पहनाकर, तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। खरीदी के पहले दिन देवारीभाट केंद्र में पांच किसानों से कुल 161.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांवों की खुशहाली जुड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही है।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों में सही तौल, पारदर्शिता एवं किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने किसानों से निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप धान सुखाकर केंद्रों में लाने की अपील की। कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी 72 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। पहले दिन 328 किसानों से कुल 15126.60 क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है वहीं कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है। अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 13 चेकपोस्ट भी स्थापित किए गए हैं।कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समिति कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
