
साखा चौक के पास तेज रफ्तार आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
आवारा मवेशियों की समस्या पर फिर उठे सवाल
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। खैरागढ़-कवर्धा स्टेट हाईवे पर साखा चौक के पास बीती देर रात एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक सड़क पर मौजूद गाय और उसके बछड़े से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना ने व्यस्त मार्गों पर खुले में घूमने वाले मवेशियों की समस्या और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को एक बार फिर सामने ला दिया है। जानकारी के अनुसार आयशर ट्रक क्रमांक सीजी 25 एल 3173 टमाटर, मिर्ची सहित अन्य सब्जियों के पौधे लेकर जा रहा था। इसी दौरान साखा चौक के पास अचानक सड़क पर मौजूद गाय और उसका बछड़ा ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में गाय और बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक में लदे पौधों को भी नुकसान पहुंचा है।
रात में हाईवे पर मवेशियों से बढ़ रहा हादसों का खतरा
खैरागढ़-कवर्धा स्टेट हाईवे जिले के प्रमुख मार्गों में शामिल है और यहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर बैठे या विचरण करते मवेशी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। खासकर रात के समय कम रोशनी के कारण सड़क पर मौजूद मवेशी दूर से दिखाई नहीं देते और अचानक सामने आने पर वाहन चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाता। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में मवेशियों को उनके पालक खुले में छोड़ देते हैं। दिनभर इधर-उधर घूमने के बाद ये मवेशी अक्सर शाम और रात के समय सड़कों पर आ जाते हैं। उपयोग समाप्त होने के बाद गौधन को इस तरह बेसहारा छोड़ने की प्रवृत्ति न केवल पशुओं के लिए संकट पैदा कर रही है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है।
गौसेवा के दावों के बीच बेसहारा मवेशियों की हकीकत दयनीय
गाय को भारतीय समाज में गौधन और कामधेनु के रूप में सम्मान दिया जाता है लेकिन सड़कों पर बेसहारा घूमते मवेशियों की बढ़ती संख्या इस सम्मान और व्यवहार के बीच के अंतर को उजागर कर रही है। सवाल यह भी है कि पशुपालकों द्वारा छोड़े जा रहे मवेशियों की जिम्मेदारी कौन तय करेगा और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था कब प्रभावी होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रमुख मार्गों से आवारा मवेशियों को हटाने, पशुपालकों की जिम्मेदारी तय करने तथा संबंधित निकायों द्वारा नियमित अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े वाहन हादसे में इंसानी जान भी जा सकती है।
पुलिस को दी सूचना, कार्रवाई जारी
घटना की सूचना छुईखदान पुलिस को दी गई है। पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और ट्रक के पलटने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।