KCG

हरेली पर छुईखदान में गूंजा गेड़ी दौड़ का रोमांच, हजारों दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। हरेली पर्व के अवसर पर छुईखदान में आयोजित 16वीं प्रेरणा गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता ने ग्रामीण खेल लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का जीवंत रंग बिखेर दिया। प्रेरणा संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में नगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों से खिलाड़ी पहुंचे जबकि आयोजन देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रेरणा संस्था के आयोजनों की सफलता के बारे में उन्होंने पहले सुना था लेकिन आयोजन को प्रत्यक्ष देखने के बाद यह उनकी कल्पना से भी बेहतर लगा। उन्होंने हरेली जैसे प्रमुख लोकपर्व पर भव्य आयोजन के लिए संस्था के सदस्यों की सराहना की है। नगर पंचायत छुईखदान के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज किशोर ने कहा कि प्रेरणा संस्था लंबे समय से सामाजिक सांस्कृतिक और राष्ट्रीय अवसरों को छोटे-बड़े आयोजनों के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ती रही है। इन आयोजनों में सामाजिक समरसता के साथ संस्कार और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि आयोजन में उमड़ी हजारों की भीड़ संस्था के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया ने कहा कि किसी संस्था का तीन दशक तक निरंतर सक्रिय रहना उसके प्रति लोगों के भरोसे का प्रमाण है।

गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता में हाटबंजा कोहलाटोला गठबंधन धारिया इलाका सिलपट्टी बिडौरी भूलाटोला खैरबना और खैरीकुटेली सहित कई गांवों के खिलाड़ियों ने सीनियर और जूनियर वर्ग में हिस्सा लिया है। सीनियर वर्ग में कोहलाटोला के होरीलाल साहू ने पहला स्थान हासिल किया है। धारिया के रामचंद्र रजक दूसरे और घनश्याम रजक तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमशः साइकिल टीवी और इंडक्शन चूल्हा पुरस्कार के रूप में दिया गया है। जूनियर वर्ग में हाटबंजा के कामन कंवर प्रथम गड़बंजा के ढालचंद द्वितीय और खैरीकुटेली के अश्वनी साहू तृतीय रहे। विजेताओं को क्रमशः 1000, 500 और 300 रुपये नगद पुरस्कार के साथ मेडल प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता के दौरान आयोजन स्थल पर ग्रामीण खेलों का रोमांच देखते ही बना। गेड़ी पर संतुलन बनाते हुए खिलाड़ियों की दौड़ ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया। हरेली पर्व की पारंपरिक उमंग ग्रामीणों की भागीदारी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया है। आयोजन की सफलता में सुमेरकरण सांखला, सुभाष सांखला, इसराईल सोलंकी, पवन चंद्राकर, बसंत यादव, मनोज कोचर, अनिल जैन, कुंभलाल जंघेल, नैनू चंदेल, नीलम वैष्णव, प्रदीप श्रीकांत सहित प्रेरणा संस्था के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। संस्था के संरक्षक एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल सांखला समाजसेवी राजकुमार जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था अध्यक्ष अशोक चंद्राकर एवं सचिव शरद श्रीवास्तव ने किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page