
कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित उर्वरक का मामला पकड़ा है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न कृषि केंद्रों एवं खाद विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मोतीपाल के घर स्थित गोदाम में बड़ी मात्रा में सफेद प्लास्टिक बोरियों में संदिग्ध उर्वरक रखा हुआ पाया गया। जांच में सामने आया कि बोरियों पर किसी भी प्रकार का कंपनी नाम बैच नंबर अथवा अन्य आवश्यक विवरण अंकित नहीं था जिससे उर्वरक की गुणवत्ता और वैधता पर संदेह उत्पन्न हुआ। विभागीय टीम ने मौके से उर्वरक का नमूना संग्रहित कर गोदाम को तत्काल सीलबंद कर दिया। कृषि विभाग के अनुसार गोदाम में करीब 600 सफेद प्लास्टिक बोरियों में अवैध रूप से उर्वरक भंडारित किया गया था। सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन के मामले पाए गए हैं। संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित दुकानों से ही खाद एवं बीज खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध सामग्री की जानकारी तत्काल विभाग को दें ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
