KCG

सावन के चौथे सोमवार निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, बोल बम के जयघोष से गूंजेगा शहर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सावन महीने के चौथे सोमवार को प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी गंगाधर कांवड़िया समिति की ओर से भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भगवान शिव की भक्ति और आस्था से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ भाजपा जनप्रतिनिधियों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजायमान रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांवड़िए मुस्का नदी पहुंचकर पवित्र नर्मदा कुंड से जल कांवड़ में भरेंगे। इसके बाद भगवान शिव के जयकारों के साथ कांवड़ यात्रा प्रारंभ होगी। श्रद्धालु ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। कांवड़ यात्रा का मार्ग दाऊचौरा, जय स्तंभ चौक, राजीव चौक, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, बरेठ पारा, ठाकुर पारा और अस्पताल चौक निर्धारित किया गया है। यहां से यात्रा बाबा रुख्खड़ स्वामी मंदिर पहुंचेगी जहां श्रद्धालु दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद कांवड़िए वीरेश्वर महादेव मंदिर के लिए रवाना होंगे।

कांवड़ यात्रा का समापन वीरेश्वर महादेव मंदिर में होगा। यहां श्रद्धालु कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। सावन के चौथे सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। यात्रा को लेकर गंगाधर कांवड़िया समिति द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में की जा रही है। समिति को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर भगवान शिव की आराधना और सामूहिक शिवभक्ति में सहभागी बनेंगे।

गंगाधर कांवड़िया समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति ने लोगों से भगवान शिव की भक्ति में सहभागी बनकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। सावन के चौथे सोमवार पर आयोजित होने वाली यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था, परंपरा और सामूहिक शिवभक्ति का प्रतीक बनेगी। मुस्का नदी से शुरू होकर वीरेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने वाली यात्रा में श्रद्धालुओं के जयघोष से शहर का वातावरण भक्तिमय नजर आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page