KCG

संविधान दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर में छात्रों को दी कानून की जानकारी

खैरागढ़। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शासकीय प्राथमिक शाला आल्हा नवागांव में तालुका विधिक सेवा समिति खैरागढ़ द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के निर्देशानुसार आयोजित शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर ने कहा कि देश में संविधान सर्वोपरि है। प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों को संविधान की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। इस दौरान पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, कानून निर्माण की प्रक्रिया, विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की भूमिका, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून, बाल मजदूरी तथा निःशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल के उपयोग, बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माण, महत्व एवं विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन कराया गया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page