
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। शिक्षा से हर बच्चे को जोड़ने और विद्यालयी वातावरण के प्रति आकर्षण बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला बाजार अतरिया में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से स्वागत कर उन्हें शिक्षा के महत्व से परिचित कराया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुई। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था जिससे पूरे परिसर में उत्सवी वातावरण देखने को मिला। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर पुष्प भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही उन्हें अध्ययन सामग्री वितरित कर नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया है। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत खैरागढ़ की सभापति दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उनकी पढ़ाई में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण साधन है। इस अवसर पर सरपंच बिमला वर्मा, उपसरपंच उत्तम कुमार वर्मा, पंच कुलेश्वर उपाध्याय, बेदराम वर्मा, राधेलाल जंघेल, प्रधान पाठक दीपचंद गुप्ता, पंचराम चंदेल, अमरिका वर्मा सहित विद्यालय परिवार पालकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई स्वच्छता पोषण एवं सर्वांगीण विकास से जुड़ी जानकारियां भी प्रदान कीं है। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प दोहराया है।

