
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ शासकीय हाई स्कूल बाजार अतरिया में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए छात्र छात्राओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है। विद्यार्थियों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई गई तथा उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शाला विकास समिति अध्यक्ष कमल शर्मा, ग्राम पंचायत की सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश कुमार वर्मा, प्राचार्य आर. वर्मा तथा समिति सदस्य सुनीता गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। समारोह को संबोधित करते हुए कमल शर्मा ने कहा कि विद्यालयी शिक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण नींव होती है। विद्यार्थियों को अनुशासन परिश्रम और नियमित अध्ययन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और खेल गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के लिए पंचायत स्तर पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। पत्रकार सुरेश कुमार वर्मा ने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने तथा नियमित अध्ययन के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी। प्राचार्य आर. वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा देना नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी विकास करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं पढ़ाई पर सतत ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं तकनीकी ज्ञान के समन्वित विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हीरासिंह टेम्भुरकर ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा प्रेरक नारों के माध्यम से अध्ययन के प्रति जागरूक किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में पालकों की सहभागिता रही है।

