Uncategorized

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य

खैरागढ़। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला संगठन ने गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में जिला प्रभारी शाहिद खान ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को बैठकों तक सीमित रखने के बजाय वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। शाहिद खान ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। केवल रणनीति बनाने से लक्ष्य हासिल नहीं होगा बल्कि उसे जमीनी स्तर पर लागू करना भी जरूरी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर वोट चोरी के दम पर सत्ता में आने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच उठाएगी। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि मतदाता सूची की निगरानी, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की सक्रियता और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाना अभियान के प्रमुख कार्य हैं। प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक सुधार के लिए पहल की जानी चाहिए। उन्होंने वार्ड स्तर पर संपर्क बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई।पूर्व विधायक छन्नी साहू ने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े विषयों और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 12 वार्डों में बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में नियमित सहभागिता और आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी जोर दिया।

विधायक यशोदा वर्मा ने आगामी नगर पालिका चुनावों के संदर्भ में योग्य, सक्रिय और स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशियों के चयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में जनसंपर्क, सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान सहित सभी पहलुओं पर विचार किया जाना चाहिए। चुनावी सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आपसी समन्वय जरूरी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने नगर पंचायत छुईखदान और गंडई के चुनावों में जीत हासिल की है। आगामी चुनावों में भी संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने की जरूरत है। बैठक में अभियान के तीनों चरणों की गतिविधियों, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, मतदाता सूची की निगरानी और आगामी दिल्ली रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। अनुपस्थित पदाधिकारियों से जवाब मांगने का निर्णय लेते हुए जिम्मेदारियों के निर्वहन में नियमितता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, प्रवक्ता रूपेश दुबे, कांग्रेस नेता अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, तेजराम वर्मा, रामकुमार पटेल, सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव, रिंकू गुप्ता, अशोक साहू, चंदन वर्मा, सुशील पांडे, विजय वर्मा, रज्जाक खान, मीरा चोपड़ा, भीखम छाजेड़, संजू चंदेल, आरती महोबिया, मनराखन देवांगन, रानू गहरवार, दीपक देवांगन, राधे यादव, डॉ. यशेष सिंह और हिमांचल राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page