
आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की दी थी धमकी
दो अन्य युवकों से भी की गई थी मारपीट
छुईखदान। शहीद नगरी में लोहे के झारा से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल करने और मारपीट करने के मामले में छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 09 कनक नगर निवासी विनोद चन्द्राकर (32) ने 12 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 नवंबर की रात करीब 9:10 बजे छुईखदान स्थित रूबी एग रोल ठेले के सामने शिव कुमार गरई (42) और मन्थुराम गरई (19), निवासी वार्ड क्रमांक 01 बांस डिपो, सतनामी भवन के पीछे, ने एकराय होकर उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के झारा से उसके सिर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। इस दौरान अर्जुन महोबिया और अजय यादव के साथ भी मारपीट की गई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर छुईखदान पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 441/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 नवंबर को शिव कुमार गरई और मन्थुराम गरई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में केसीजी पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
