
जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी देवव्रत सिंह का प्रयास

अब मवेशियों के जमावड़े और गंदगी से मिलेगी राहत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत क्षेत्र जालबांधा के ग्राम मदराकुही स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने जा रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा एवं परिसर को व्यवस्थित करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से जाली तार फेंसिंग हेतु ₹1 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति का श्रेय जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी देवव्रत सिंह द्वारा लगातार किए गए प्रयासों को दिया जा रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्र के चारों ओर किसी प्रकार की घेराबंदी नहीं होने के कारण यहां प्रतिदिन आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता था। विशेष रूप से बारिश के मौसम में यह परिसर मवेशियों का स्थायी ठिकाना बन जाता था। इससे परिसर में गंदगी फैलती थी और सफाई कर्मचारियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी असुविधा तथा असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ता था। स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को उठाया था। जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी देवव्रत सिंह ने भी लगातार जिला प्रशासन के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखा। अंततः प्रशासन ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए फेंसिंग निर्माण के लिए ₹1 लाख की स्वीकृति प्रदान कर दी। फेंसिंग बनने के बाद उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर पूरी तरह सुरक्षित होगा। मवेशियों का प्रवेश रुकेगा, परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखना आसान होगा तथा मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में भी सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शाताक्षी देवव्रत सिंह ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। ग्रामीणों एवं उपस्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मियों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन और जिला पंचायत सदस्य सुश्री सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फेंसिंग का कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर पूरा होगा जिससे वर्षों से चली आ रही यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकेगी।
