KCG

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर, 11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावे-आपत्तियां

खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। अब नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम एवं विवरण में संशोधन कराने अथवा नाम विलोपन के संबंध में 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। विशेष रूप से ऐसे युवा जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में अपना पंजीयन करा सकते हैं। नए मतदाता के रूप में पंजीयन कराने के लिए नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप अथवा मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी के पास भी फॉर्म-6 भरकर ऑफलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है। निर्वाचन आयोग द्वारा अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अंतर्गत नए मतदाता के पंजीयन के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीयन के लिए फॉर्म-6क, मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन, निवास स्थान परिवर्तन अथवा नया मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ ही उसमें दर्ज विवरणों की जांच अवश्य करें। किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।मतदाता पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page