KCG

बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस

खैरागढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। जनजातीय समाज के स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और महापुरुषों के अतुलनीय योगदान को सम्मान दिलाने तथा उनके गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता घम्मन साहू, नगर पालिका की अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जिला भाजपा महामंत्री अनिल अग्रवाल व जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह बोनी की विशेष उपस्थिति में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। श्री ठाकुर ने बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के धर्म, संस्कृति, संस्कार और परंपराओं की रक्षा के लिए ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। अंग्रेजों ने उन्हें जेल में डाल दिया, जहां कम उम्र में ही उनका निधन हो गया। उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में आदिवासी एवं जनजातीय समाज के अनेक वीर सपूतों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई लेकिन लंबे समय तक उनके योगदान को वह सम्मान और पहचान नहीं मिल पाई जिसके वे वास्तविक हकदार थे। केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद ऐसे गुमनाम जनजातीय नायकों और शहीदों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से परिचित कराने का काम किया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं देखती बल्कि सामाजिक विकास और शासन व्यवस्था में उसकी प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय समाज की महिला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति तक पहुंचना और समाज के लोगों को मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अवसर मिलना इसी भागीदारी का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के विकसित भारत के संकल्प में आदिवासी समाज को समान भागीदार बनाया जा रहा है। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।श्री ठाकुर ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में जनजातीय गौरव दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page