KCGछत्तीसगढ़

बाजार अतरिया जोरातराई मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवक गंभीर

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। बाजार अतरिया से जोरातराई मार्ग पर रविवार 23 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जोरातराई के पास हुआ। घायलों की पहचान मदनपुर निवासी हुलास साहू और योगेश साहू के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि एक की स्थिति नाजुक होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भिलाई के नेहरू नगर स्थित पल्स हॉस्पिटल रेफर कर दिया। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

घायल हुलास साहू के बड़े भाई श्यामलाल साहू ने छुईखदान थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार हुलास और योगेश मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 0223 से धमधा की ओर से अपने गांव मदनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान खैरागढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा XUV700 क्रमांक CG 04 QH 4039 ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कार चालक खैरागढ़ के सोनारपारा, इतवारी बाजार निवासी मोहम्मद तौकीर मेमन बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी अधिक थी। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल छुईखदान पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर खैरागढ़-धमधा मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों का कहना है कि मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है ताकि ऐसे हादसों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page