प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाने वाले गंडई के वैभव रत्नाकर को कलेक्टर ने किया सम्मानित

पीएमश्री शासकीय विद्यालय गंडई का बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन
12वीं का वार्षिक परिणाम रहा 90 प्रतिशत
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुसरो शासकीय अंग्रेजी हिंदी माध्यम विद्यालय गंडई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र वैभव रत्नाकर ने कक्षा 12वीं में 96.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 9वां स्थान हासिल किया है। वैभव रत्नाकर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने उन्हें कलेक्ट्रेट कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं नगर पंचायत गंडई के अध्यक्ष लाल टाकेश्वर शाह खुसरो और उपाध्यक्ष श्याम पाल ताम्रकार ने भी छात्र एवं विद्यालय प्रबंधन का सम्मान करते हुए इसे नगर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। विद्यालय के परीक्षा परिणाम भी उल्लेखनीय रहे। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का परिणाम 62 प्रतिशत दर्ज किया गया है।कक्षा 10वीं में पायल साहू ने 93.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा विनय पटेल ने 89.33 प्रतिशत, ओमप्रकाश चतुर्वेदी ने 85 प्रतिशत, नेहा सिंह ने 83.83 प्रतिशत तथा गोपी सिन्हा ने 83.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में वैभव रत्नाकर ने 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। भास्कर वर्मा ने 94.20 प्रतिशत दीपक कुमार साहू ने 92 प्रतिशत गौरव स्वर्णकार ने 89.60 प्रतिशत तथा साहिल साहू ने 87 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया एवं परीक्षा प्रभारी मनीज दास ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। वहीं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष संजय राजपूत सहित समिति के सदस्यों ने भी विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं अभिभावकों एवं नगरवासियों ने वैभव रत्नाकर सहित सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

