Advertisement
Uncategorized

पुलिस गिरफ्त में दिनदहाड़े घरों में चोरी करने वाला गिरोह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान थाना और जालबांधा चौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दिनदहाड़े मकानों में चोरी करने वाले आदतन अपराधी गिरोह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण नगदी और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 3 लाख 95 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। पुलिस के अनुसार करमतरा निवासी आरोपी ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) और दिलेष्वर साहू (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने 7 फरवरी से 11 फरवरी 2026 के बीच अलग अलग स्थानों पर मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उदयपुर बफरा और बिरेझर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा दुर्ग जिले के लिटिया क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस जांच में सामने आया कि 11 फरवरी को सुनील साहू के घर से लगभग 30 हजार रुपये नगद और सोने चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। वहीं 8 फरवरी को रेखचंद साहू के घर से करीब 15 हजार रुपये नगद और आभूषण चोरी किए गए। अन्य घटनाओं में ग्राम बिरेझर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी आरोपियों ने निशाना बनाया।

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 12 सोने के लॉकेट, सोने के कान के टॉप्स की एक जोड़ी, सोने की ईयरिंग की एक जोड़ी, चांदी का लच्छा, आठ जोड़ी पायल, करधन, बिछिया और कड़ा बरामद किया गया है। इसके अलावा ओमप्रकाश के पास से 5 हजार रुपये तथा दिलेष्वर के पास से 1 हजार 500 रुपये नगद जब्त किए गए। चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सब्बल सहित जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छुईखदान चौकी जालबांधा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी और मैदानी जांच की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिसमें चोरी की सभी घटनाओं का खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। आगे की जांच जारी है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page