KCGअपराधछत्तीसगढ़

पुराने नोट सिक्कों के नाम पर 11 लाख 70 हजार की ठगी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/छुईखदान। पुराने सिक्कों और नोटों के बदले लाखों रुपये दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यक्ति से 11 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन 2 एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों रुपये मिलने का प्रस्ताव आया। लालच में आकर उसने 5 रुपये का पुराना नोट भेजा, जिसके एवज में करीब 37 लाख 94 हजार रुपये देने का झांसा दिया गया। इसके बाद अलग अलग बहानों जैसे प्रोसेसिंग फीस कस्टम शुल्क आदि के नाम पर उससे किस्तों में रकम ट्रांसफर करवाई गई।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने नकदी भेजने और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी अतिरिक्त पैसे वसूले। इस तरह कुल 11 लाख 70 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को करीब 20 बैंक खातों और 30 से 40 फर्जी सिम कार्ड के उपयोग के साक्ष्य मिले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन हरियाणा के नूंह जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी मोहम्मद जाहिर (19 वर्ष), निवासी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार की। उसने बताया कि लोगों को फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से पुराने सिक्कों और नोटों के बदले मोटी रकम दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे ऐंठे जाते थे। भरोसा दिलाने के लिए नकदी के बंडल के फर्जी वीडियो भी भेजे जाते थे और बाद में डिलीवरी या पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। पुलिस ने आरोपी को 15 अप्रैल 2026 को हरियाणा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाया। 17 अप्रैल को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में साइबर सेल खैरागढ़ और थाना छुईखदान पुलिस की अहम भूमिका रही।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page