KCG

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में मनाया गया संविधान दिवस

खैरागढ़। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने की। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार, वरिष्ठतम शिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय, प्रधानाध्यापिका श्रीमती ज्योति रंगारी एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में कक्षा नौवीं ‘ब’ की छात्रा प्रियांशी सिंह ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसी क्रम में कक्षा नौवीं ‘अ’ के विद्यार्थी भूहर्ष ने संविधान दिवस के महत्व एवं भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के योगदान तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अंजय कुमार ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शिक्षक जसवंत सिंह ने किया। अंत में डॉ. योगेंद्र कुमार पांडेय ने आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page