
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिला केसीजी के थाना छुईखदान पुलिस ने परिवारजनों के साथ गाली-गलौच कर लगातार परेशान करने वाले एक युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर उपजेल सलोनी भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम साल्हेकला निवासी नवीन लोधी (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय जोहन लोधी, द्वारा अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ विवाद कर गाली-गलौच एवं दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 35/62/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा गुंडागर्दी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना छुईखदान स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
