
पत्रकार किशोर सोनी के साथ मारपीट की घटना की निंदा
छुईखदान। खैरागढ़ में पत्रकार किशोर कुमार सोनी के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की घटना के विरोध में छुईखदान के पत्रकारों ने एकजुट होकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए जिले में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्र पत्रकारिता सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 2 नवंबर 2026 को खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह मैदान में यातायात ड्यूटी के दौरान आरक्षक क्रमांक 319 रजनीकांत उपाध्याय द्वारा पत्रकार किशोर कुमार सोनी के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई। मामले में संबंधित आरक्षक को 8वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल राजनांदगांव द्वारा निलंबित भी किया गया है। पत्रकारों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं तथा पत्रकारों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए उचित व्यवस्था बनाई जाए।पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके साथ दुर्व्यवहार, मारपीट या धमकी जैसी घटनाएं स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए चिंताजनक हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक जैन, शैलेंद्र तिवारी, अनिल यादव, विक्रांत चंद्राकर, विक्रम ठाकुर एवं अंकित महोबिया सहित छुईखदान के अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।