
बस स्टैंड के आसपास सफाई व्यवस्था बदहाल, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियों का खतरा
गंडईपंडरिया। नगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित मुख्य बस स्टैंड के समीप सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बस स्टैंड परिसर के आसपास बनी नालियां कचरे और गाद से भरी पड़ी हैं। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नालियों में गंदगी जमा होकर बजबजा रही है जिससे उठने वाली तेज दुर्गंध ने यात्रियों, राहगीरों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का जीना मुहाल कर दिया है। बस स्टैंड शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है जहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में नालियों से उठने वाली दुर्गंध के कारण बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को दुर्गंध से बचने के लिए नाक पर रुमाल रखकर खड़ा होना पड़ता है। इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधियों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का आरोप है कि नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं की जाती। इसके चलते नालियों में कचरे और गंदगी का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है वहीं गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बस स्टैंड परिसर की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही नियमित रूप से कचरा उठाने, नालियों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने और सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को इस बदहाल स्थिति से राहत मिल सके।