KCG

नाबालिग छात्रा से जघन्य घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम चिचोला में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए जघन्य अत्याचार और हत्या के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा को आवेदन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि इस प्रकार की घटना समाज के लिए बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुलिस जांच को सुदृढ़ बनाते हुए ऐसा अभियोग प्रस्तुत किया जाए जिससे किसी भी स्थिति में आरोपी बच न सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में त्वरित न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों एवं अन्य कांग्रेसजनों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने भी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page