
भक्तिमय माहौल में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, श्रद्धा में डूबे श्रद्धालु
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। सावन मास के पावन अवसर पर आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। पवित्र मां नर्मदा के तट से शुरू हुई कांवड़ यात्रा गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ धूमधाम से घटियारी पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा, जिससे आसपास का पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। कांवड़ियों ने सुबह-सवेरे मां नर्मदा के पावन जल से अपने कांवड़ भरे और विधिवत पूजन-अर्चन कर यात्रा का शुभारंभ किया। हाथों में पवित्र कांवड़ थामे और केसरिया वस्त्र धारण किए हजारों शिवभक्तों का जत्था अनुशासनबद्ध तरीके से घटियारी की ओर आगे बढ़ा। यह आयोजन जय सेवा समिति के संयोजक खम्हन ताम्रकार की अगुवाई में संपन्न हुआ जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल हुए। यात्रा में युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे उनका उत्साह देखते ही बना।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
नर्मदा तट से घटियारी तक के मार्ग में कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह कांवड़ यात्रा का स्वागत किया गया। भक्तों के लिए अल्पाहार, फल और ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी। डीजे की धुनों पर थिरकते और शिव भजनों पर झूमते हुए शिवभक्तों ने यात्रा के दौरान अद्भुत ऊर्जा का संचार किया। इसी कड़ी में शिवभक्तों के लिए गंडई प्रेस क्लब ने भी नगर के स्थानीय विश्राम गृह के समीप कावड़ियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की साथ ही कावड़ियों को फूल वर्षा कर अभिवादन, अभिनंदन किया यहाँ प्रेस क्लब के सभी साथी मौजूद थे।

