
21 नवंबर तक गांव-गांव पहुंचकर नेत्र रोगों की जांच करेंगे चिकित्सकीय दल
मरीजों को दवाइयां और चश्मे मिलेंगे निःशुल्क
छुईखदान। राज्य शासन के निर्देशानुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड में 16 नवंबर से नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 21 नवंबर तक संचालित होगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच करेगी और नेत्र रोगों की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराएगी। कलेक्टर एवं जिला दृष्टिहीनता एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल शुक्ला के निर्देश पर बीएमओ डॉ.मनीष बघेल एवं जिला सहायक नोडल अधिकारी अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम श्रीमती दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में अभियान की तैयारियां की गई हैं। इसके अंतर्गत पूरे छुईखदान विकासखंड सहित पीएम जनमन क्षेत्र में भी विशेष रूप से नेत्र परीक्षण किया जाएगा। जिले के नेत्र चिकित्सक एवं नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी मैदानी स्तर पर पहुंचकर सेवाएं देंगे। अभियान के दौरान परीक्षण केंद्रों में मरीजों को आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी वहीं स्कूली बच्चों तथा प्रेसबायोपिया (उम्र के साथ नजदीक की दृष्टि कमजोर होने) से प्रभावित मरीजों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे। जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर जांच एवं उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजने की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने छुईखदान क्षेत्र के ऐसे सभी लोगों से अभियान का लाभ लेने की अपील की है जिन्हें आंखों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी है। विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और स्कूली छात्र-छात्राओं से नजदीकी नेत्र परीक्षण केंद्र पहुंचकर जांच कराने का आग्रह किया गया है। अभियान की सफलता के लिए एक सप्ताह पूर्व ही आवश्यक बैठक, रूट चार्ट तैयार करने और मैदानी स्तर पर प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं। वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी विनय रामटेके, बीपीएम बृजेश ताम्रकार, बीईटीओ आरपी गढ़वाल एवं केपी साहू के समन्वय से पीएचसी प्रभारी चिकित्सकों, सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, आरएचओ, एएनएम, मितानिन समन्वयकों, मितानिन प्रशिक्षकों, मितानिनों एवं स्वयंसेवियों को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।