
बिना लाइसेंस तेज रफ्तार में दौड़ रहे किशोर, अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी उठे सवाल
छुईखदान। नगर की सड़कों पर इन दिनों यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही देखने को मिल रही है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों तक की स्टीयरिंग नाबालिगों के हाथों में नजर आ रही है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस और पर्याप्त अनुभव के तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते किशोर न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे हैं। नगर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और स्कूल-कॉलेज के आसपास नाबालिगों की बेखौफ वाहन चालन की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई किशोर एक ही बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलते हैं, तो कुछ तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते दिखाई देते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बच्चों को वाहन सौंपकर जिम्मेदारी से बच नहीं सकते अभिभावक
इस समस्या के पीछे अभिभावकों की लापरवाही भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। कम उम्र के बच्चों को वाहन की चाबी सौंपना उनके साथ-साथ दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालने जैसा है। नियमानुसार 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर सामान्य गियर वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने के पात्र नहीं हैं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर वाहन मालिक या अभिभावक के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान है।
सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता जरूरी
नगरवासियों का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन खुलेआम होने के बावजूद नियमित वाहन जांच और प्रभावी कार्रवाई का अभाव नजर आता है। मुख्य चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ाने के साथ स्कूल-कॉलेज और बाजार क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाने की जरूरत है।स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरती जाए और उन्हें वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाया जाए। सवाल सिर्फ नियम तोड़ने का नहीं बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा का है। समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया तो लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

