
15 दिनों से लापता थी अनसूइया मांडवी

घटनास्थल पर पंजों जैसे निशान मिलने का दावा

पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
खैरागढ़। जिले के गातापार जंगल क्षेत्र में धान के खेत से 70 वर्षीय महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत महिला की पहचान अनसूइया मांडवी के रूप में हुई है जो पिछले करीब 15 दिनों से लापता थी। खेत में कंकाल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में महिला की मौत होने की आशंका जताई है। घटनास्थल पर तेंदुए के पंजों जैसे निशान मिलने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, महिला की मौत वन्यजीव के हमले से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी अनुसार अनसूइया मांडवी पिछले लगभग 15 दिनों से लापता थीं। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गातापार जंगल क्षेत्र के एक धान के खेत में उनका कंकाल बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला की पहचान होने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान दिखाई दिए हैं। इसी आधार पर महिला पर तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है। जंगल से लगे क्षेत्र में इस तरह की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों को लेकर भय और चिंता बढ़ गई है।
पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना पर पुलिस, वन विभाग के कर्मचारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच दल विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहा है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। फॉरेंसिक जांच और वन विभाग की निरीक्षण रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि महिला की मौत तेंदुए के हमले से हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
