उदयपुर की माँ अंजनी राइस मिल ने अब तक जमा किया मात्र 32 प्रतिशत चावल, जांच के बाद नोटिस जारी करने की तैयारी
खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाली राइस मिलों पर अब प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने चावल जमा करने की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मिलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला विपणन अधिकारी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने उदयपुर स्थित माँ अंजनी राइस मिल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि मिल द्वारा निर्धारित मात्रा का केवल 32 प्रतिशत चावल ही जमा किया गया है। टीम ने मिल परिसर में उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर पंचनामा तैयार किया। अब मिल संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संचालक के जवाब और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिले की 13 मिलों पर 42893 मीट्रिक टन चावल जमा करने का दायित्व
खाद्य विभाग के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की 13 राइस मिलों को कुल 42,893.64 मीट्रिक टन चावल जमा करना था। इसके विरुद्ध अब तक 36,416.67 मीट्रिक टन चावल जमा किया जा चुका है, जो कुल निर्धारित मात्रा का लगभग 85 प्रतिशत है। अभी भी करीब 6,477 मीट्रिक टन चावल जमा होना शेष है। विभागीय जानकारी के मुताबिक माँ महामाया राइस मिल ने निर्धारित मात्रा का 41 प्रतिशत, अमित राइस प्रोसेस ने 77 प्रतिशत, सुमन एग्रो इंडस्ट्रीज ने 79 प्रतिशत तथा बीबीसी राइस इंडस्ट्रीज ने 80 प्रतिशत चावल जमा किया है।
अन्य राइस मिलों की भी होगी जांच
खाद्य विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य से कम चावल जमा करने वाली अन्य राइस मिलों की भी लगातार जांच की जाएगी। इस दौरान मिल परिसरों में धान एवं चावल के उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के साथ मिलिंग की प्रगति और उठाए गए शासकीय धान के अनुपात में जमा चावल की मात्रा का परीक्षण किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग के निर्धारित दायित्वों में लापरवाही, स्टॉक में अनियमितता अथवा अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मिलरों के विरुद्ध शासन के प्रचलित नियमों एवं कस्टम मिलिंग अनुबंध के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।