KCG

कड़ी मेहनत और संघर्ष की सशक्त कहानी- पिता का साया उठने के बाद भी नहीं टूटा हौसला, मेहनत से देवेंद्र ने हासिल की पुलिस में नौकरी

खैरागढ़। संघर्षों के बीच भी यदि हौसला बुलंद हो और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता की राह बनाई जा सकती है। इस बात को ग्राम उदयपुर के युवा देवेंद्र देवांगन ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से सच कर दिखाया है। छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे देवेंद्र का ग्रामीणों और साथियों ने ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और आतिशी उत्साह के साथ स्वागत किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। ज्ञात हो कि देवेंद्र का सफर आसान नहीं रहा। महज 11 वर्ष की उम्र में ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कम उम्र में ही उन्हें जिम्मेदारियों का एहसास हो गया। उन्होंने खेती-किसानी और बकरी पालन में परिवार का हाथ बंटाया, लेकिन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पुलिस में भर्ती होने का सपना नहीं छोड़ा। नियमित दौड़, अनुशासन और कठिन परिश्रम को अपनी दिनचर्या बनाकर वे लगातार लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे। क्रिकेट के प्रति बचपन से ही विशेष लगाव रखने वाले देवेंद्र बाबा इलेवन क्रिकेट टीम उदयपुर से जुड़े रहे। मैदान में अपनी शानदार गेंदबाजी के कारण उन्हें ‘ली’ उपनाम मिला जो धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गया। खेल के मैदान पर मिला यह नाम आज भी गांव और युवाओं के बीच लोकप्रिय है।देवेंद्र की मेहनत रंग लाई और पुलिस भर्ती प्रक्रिया में उनका चयन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दोनों जिलों में हुआ। उन्होंने अपने गृह जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सेवाएं देने का निर्णय लिया। प्रशिक्षण पूरा कर गांव पहुंचने पर बाबा इलेवन क्रिकेट टीम के साथियों और ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत कर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।

कभी परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए खेतों में मेहनत करने वाला युवा आज पुलिस की वर्दी पहनकर गांव का गौरव बन गया है। देवेंद्र की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ने का विचार करते हैं। उनकी कहानी संदेश देती है कि अभाव और मुश्किलें सफलता की राह में बाधा जरूर बन सकती हैं लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के आगे वे टिक नहीं सकतीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page