Uncategorized

एग्रिस्टेक से फसल बीमा तक योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विभागीय कार्यों एवं प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में एग्रिस्टेक के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान सम्मान निधि, एग्रिस्टेक बकेट क्लेम एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान सहकारी समितियों के निरीक्षण तथा समितियों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई वहीं खाद्य विभाग की समीक्षा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अक्टूबर एवं नवंबर माह के चावल के भंडारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त खाद्यान्न भंडार सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर चावल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान फसल बीमा से संबंधित किसानों की शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने किसानों की शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए वहीं सिंचाई विभाग की समीक्षा में जिले के बांधों में उपलब्ध जल की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जल के समुचित प्रबंधन पर जोर देते हुए आवश्यकता के अनुसार संबंधित गांवों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जनमन योजना के अंतर्गत शेष बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसी तरह नियद नेल्लानार योजना के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी की ऑनलाइन एंट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के साथ रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page