

अब तक 148 श्रमिकों का हो चुका पंजीयन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा जून माह में 42 ग्रामों में मोबाइल शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को पंजीयन नवीनीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। श्रम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिकों का पंजीयन और उसका नियमित नवीनीकरण आवश्यक है। शिविर में आने वाले श्रमिकों को आधार कार्ड परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड बैंक खाते की जानकारी राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाने की सलाह दी गई है ताकि ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सके। कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड छुईखदान के वनांचल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक 148 श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है। 8 जून को झिलमिली में 20 तथा पंडरीपानी में 5, 9 जून को रामपुर में 18 और खपरीदरबार में 31, 10 जून को हाथीझोला में 7 तथा संजारी में 9 जबकि 11 जून को मजगांव में 35 और खाम्ही में 23 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। विभाग ने बताया कि 12 से 30 जून तक बैगासाल्हेवारा बरवाही अकलकुंआ तिरीनखपरी मुरूम गेरूखदान दरियाकोन्हा तेंदुभाठा गातापार मरकाटोला जामगांव समुंदपानी निजामडीह चुहरी बसंतपुर कुम्ही सरोधी नवागांव लमरा लछनाझिरिया काशीबहरा भावे और जुरलाखार समेत अन्य ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा उड़तुली सरईपतेरा तुलसीपुर घोटिया और केशला जैसे सामान्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी मोबाइल शिविर आयोजित किए जाएंगे। श्रम विभाग ने जिले के पात्र श्रमिकों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर पंजीयन नवीनीकरण एवं योजनाओं के लिए आवेदन करने की अपील की है ताकि वे शासन की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

