KCG

आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर कार्यक्रम कराने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखकर सावन झूला और ग्रीन डे जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर प्रशासन के समक्ष सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इस मामले में कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब लेने की मांग की है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों का मूल उद्देश्य बच्चों को पोषण प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में 22 अगस्त को आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित गतिविधियां प्रभावित कर सावन झूला एवं ग्रीन डे कार्यक्रम आयोजित किया जाना उचित है या नहीं इसे स्पष्ट किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाली महिलाओं या कर्मचारियों से ₹500 जुर्माना लिए जाने की कथित चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा कार्यक्रम में टिफिन आदि लाने के निर्देश दिए जाने की शिकायत भी सामने आने की बात कही गई है। कांग्रेस ने कहा कि यदि ये शिकायतें सही पाई जाती हैं तो मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने की अनुमति और कथित जुर्माने की चेतावनी देने वाले अधिकारी या व्यक्ति की भूमिका की जांच करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित सेवाएं प्रभावित न हों यह सुनिश्चित करने की मांग की गई है। डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति विशेष के विरोध का नहीं बल्कि बच्चों के अधिकार आंगनबाड़ी व्यवस्था की गरिमा और कर्मचारियों के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई और उसके निष्कर्ष से संबंधित पक्षों को अवगत कराने की अपेक्षा है। उचित कार्रवाई नहीं होने पर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा जनहित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे आवाज उठाने की बात कही गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page