अपराध

खैरा राशन दुकान से डेढ़ लाख का चांवल पार

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. ठेलकाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरा में संचालित राशन दुकान से लगभग डेढ़ लाख रूपये का चांवल अज्ञात चोर के द्वारा चोरी कर ली गई है. जानकारी अनुसार राशन दुकान के संचालक मानसिंग वर्मा पिता स्व.जगदीश राम वर्मा उम्र 52 वर्ष निवासी ग्राम खैरा ने थाना ठेलकाडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 29 नवंबर की दरमियानी रात शासकीय उचित मूल्य की दुकान में रखे चांवल की चोरी कर ली गई है. मामले की जानकारी तब हुई जब दूसरे दिन 30 नवंबर की सुबह 5 बजे मॉर्निंग वॉक में जाने वाले युवकों ने राशन दुकान के बाहर चांवल बिखरा हुआ देखा जिसके बाद मानसिंग को इसके बारे में बताया.

मानसिंग जब राशन दुकान गया तब देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर चांवल की कुछ बोरियां ही मौजूद थी. मिलान करने पर पता चला कि 43.97 क्विंटल चांवल कीमत 1 लाख 57 हजार 368 रूपये को अज्ञात चोर के द्वारा चोरी कर ली गई है. प्रार्थी की रिपोर्ट पर ठेलकाडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध आईपीसी की धारा 380, 457 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच-विवेचना में लिया है. बता दे कि यह पहली घटना नहीं है बल्कि राशन दुकानों में चांवल चोरी की कई घटनाएं घट चुकी है लेकिन किसी भी घटना में पुलिस के द्वारा आरोपी को नहीं पकड़ा गया है.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page