Uncategorized

आजादी के बाद पहली बार सिंगबोरा-ग्वालगुंडी में पहुंची विद्युत रोशनी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के दूरस्थ और लंबे समय से उपेक्षित रहे ग्राम सिंगबोरा तथा ग्वालगुंडी में आजादी के बाद पहली बार मुख्य विद्युत ग्रिड से जोड़कर नियमित बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। वर्षों से बिजली सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों के लिए यह उपलब्धि किसी उत्सव से कम नहीं है। ग्रिड कनेक्टिविटी का कार्य प्रबंध संचालक भीम सिंह कंवर, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल, कार्यपालक निदेशक राजनांदगांव शिरीष सेलेट तथा अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर के निर्देशन में पूरा किया गया। विद्युत विभाग की टीम ने तकनीकी चुनौतियों के बावजूद कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही दोनों गांवों के घरों में रोशनी फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि अब दैनिक जीवन पहले से अधिक सुगम होगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में सुधार आएगा और छोटे व्यापार व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने इसे गांव के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए शासन प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति आभार जताया। उनका मानना है कि पंखा, टीवी, मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं अब नियमित रूप से उपलब्ध होंगी जिससे जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि दूरस्थ अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि विकास की रोशनी हर गांव तक पहुंच सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page