
ठेलकाडीह पुलिस ने की कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केसीजी जिले की ठेलकाडीह पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 47 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.460 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 3,760 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम ठेलकाडीह से मरकामटोला खार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तीजू यादव (32 वर्ष) निवासी ग्राम सिंगारपुर थाना ठेलकाडीह जिला केसीजी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी बोरी से 47 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना ठेलकाडीह में अपराध क्रमांक 135/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
