एसआई से डीएसपी तक का सफर किया पूरा
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने सम्मान के साथ दी विदाई
खैरागढ़। पुलिस उप अधीक्षक प्रदीप येरेवार बुधवार को करीब 36 वर्ष की पुलिस सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा और एएसपी रुपेश डांडे की विशेष उपस्थिति में विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। श्री येरेवार ने 14 जुलाई 1990 को उप निरीक्षक के पद से पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के क्षेत्र में जिम्मेदारियां निभाईं। उनका सेवाकाल एसआई से शुरू होकर डीएसपी पद तक पहुंचा। विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल और अनुभवों को याद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान शाल, श्रीफल, गिफ्ट पैक और स्मृति-चिह्न भेंटकर उनका सम्मान किया गया। परिवारजनों की मौजूदगी में आयोजित समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ।


