
छुईखदान जनपद ने अपूर्ण और लंबित आवासों पर बढ़ाई निगरानी
गड़बडियों की पड़ताल के लिये गांव-गांव पहुंच रही टीम
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित और अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए छुईखदान जनपद पंचायत ने विशेष अभियान शुरू किया है। प्रशासन ने 15 जुलाई तक अधिकतम आवासों का निर्माण पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए मैदानी स्तर पर निगरानी और जनसंपर्क गतिविधियों को तेज कर दिया है। अभियान के तहत ऐसे ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां बड़ी संख्या में आवास अभी तक अधूरे हैं या निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इन पंचायतों के लिए अलग-अलग अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए नियमित निरीक्षण और प्रगति की समीक्षा की जा रही है। जनपद पंचायत की टीम लगातार गांवों का दौरा कर हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित कर रही है। निर्माण कार्य में आने वाली बाधाओं की जानकारी लेकर उनका समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आवास निर्माण की गति बढ़ाई जा सके। इसके साथ ही पात्र परिवारों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा आवास चौपाल और सामूहिक बैठकों के माध्यम से हितग्राहियों को योजना के महत्व तथा समय पर निर्माण पूर्ण करने के लाभों की जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से उन परिवारों पर फोकस किया जा रहा है जिनके आवास निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बोरई कुटेलीकला और साल्हेकला ग्राम पंचायतों में आवास चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूरा करने की अपील भी की है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों पंचायत पदाधिकारियों रोजगार सहायकों आवास मित्रों तथा बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने और जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प व्यक्त किया है।