
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में 13 से 18 जुलाई तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने शासकीय और निजी विद्यालयों में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। यह अभियान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। जागरूकता कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग की टीम और मितानिनें 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की पात्र छात्राओं और किशोरियों को एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के कारण बचाव के उपाय तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दे रही हैं। साथ ही टीके की सुरक्षा और प्रभावशीलता के संबंध में फैली भ्रांतियों का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निराकरण करते हुए निर्धारित तिथि पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एक कार्यक्रम में शिक्षक सियाराम साहू ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी पात्र छात्राओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के सेक्टर सुपरवाइजर विनोद बागड़े (बुंदेली सेक्टर) ने छात्राओं और शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपायों में से एक है। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों शिक्षकों और अभिभावकों से विशेष टीकाकरण सप्ताह को सफल बनाने में सहयोग करने तथा सभी पात्र छात्राओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन सिंह परते ने बताया कि विशेष टीकाकरण सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के चिन्हित विद्यालयों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा और जनजागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जाएंगी ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुंच सके तथा जिले में शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर विशेष टीकाकरण सप्ताह को सफल बनाने का संकल्प लिया है।


