KCG

विश्व नृत्य दिवस पर खैरागढ़ विश्वविद्यालय में ‘नृत्यांजलि’ की प्रस्तुति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के नृत्य संकाय द्वारा विश्व नृत्य दिवस के अवसर पर ‘नृत्यांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न नृत्य विधाओं के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो.लवली शर्मा ने की जबकि प्रभारी कुलसचिव वेंकट रमन गुड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन नृत्य संकाय के अधिष्ठाता प्रो.नमन दत्त ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत कथक विभाग से हुई। डॉ.मंजरी बख्शी और डॉ.गुंजन तिवारी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने कथक की मनोहारी प्रस्तुतियां दी। इसके बाद भरतनाट्यम विभाग की शोधार्थी बिंदु नायर के निर्देशन में छात्राओं ने पारंपरिक शैली में नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया वहीं ओडिसी विभाग की छात्रा प्रज्ञा गोस्वामी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ओडिसी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में नृत्य संकाय के शिक्षक एवं शोधार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर डॉ.शिवाली सिंह, डॉ.शेख मेदिनी होम्बल, सुशांत कुमार दास, डॉ.गुंजन तिवारी, डॉ.मंजरी बख्शी और होरिल गौर सहित विभिन्न संकायों के प्राध्यापक शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page