Uncategorized

हाउस ड्रेस पाकर खिले नन्हे चेहरे

खैरागढ़. शासकीय प्राथमिक शाला संडी में आज का दिन नन्हे विद्यार्थियों के लिए उत्साह, उमंग और खुशी से भरा रहा। शाला की प्रधान पाठक श्रीमती डॉ. पद्मा साहू ने अपनी उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए प्राप्त राज्यपाल पुरस्कार की सम्मान राशि को छात्रहित में समर्पित करते हुए कक्षा पहली एवं दूसरी के 25 विद्यार्थियों को हाउस ड्रेस प्रदान की। नई और आकर्षक हाउस ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खुशी और गर्व से खिल उठे। प्रधान पाठक की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, समानता एवं टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। विद्यालय में हाउस प्रणाली लागू होने से विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विभिन्न बौद्धिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होने के साथ विद्यालय के प्रति उनका जुड़ाव भी मजबूत होगा। यह पहल विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। हाउस ड्रेस वितरण का गरिमामय कार्यक्रम विकासखंड स्रोत समन्वयक सुजीत चौहान, संकुल समन्वयक प्रयाग सिंह, ग्राम पंचायत संडी की सरपंच श्रीमती उर्मिला राजकुमार वर्मा, पंच श्रीमती अनीता श्रीवास एवं चेतन वर्मा, प्रभारी प्रधान पाठक श्रीमती निहारिका झा, वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती फ़िरोज़ खान एवं लेखानायक की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधान पाठक श्रीमती डॉ. पद्मा साहू के इस प्रेरक एवं अनुकरणीय प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में प्राप्त पुरस्कार की सम्मान राशि को बच्चों के हित में खर्च करना उनके प्रति स्नेह, संवेदनशीलता और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।इस पहल से विद्यालय के विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ तथा उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page