Uncategorized

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित

साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर भी किया गया जागरूकखैरागढ़. भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बल केसीजी द्वारा जिले के सभी 8 थाना क्षेत्रों को शामिल करते हुए अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल भावना और आपसी भाईचारे का परिचय दिया।प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छुईखदान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया वहीं जालबांधा टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन एवं सम्मान किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, एसपी लक्ष्य शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, उनके योगदान तथा देश की एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस बल केसीजी द्वारा उपस्थित खिलाड़ियों एवं नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज अथवा ओटीपी पर क्लिक या उसे साझा न करें। साथ ही पुलिस ने ऐसे साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील की जो स्वयं को पुलिस, सीबीआई अथवा ईडी का अधिकारी बताकर या डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर लोगों से ठगी करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे फोन कॉल फर्जी होते हैं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस द्वारा नशे को ना कहें, जीवन को हाँ कहें संदेश के साथ नशामुक्ति अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।कार्यक्रम में जिला पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से जहां खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला वहीं कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, साइबर सुरक्षा और नशामुक्त समाज का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page