प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सामने कार्यकर्ताओं ने निकाली भड़ास, बैठक में संगठन की कमजोरी और जिला पंचायत में हार का मुद्दा रहा हावी

उच्च स्तर पर संगठन की मनमानी को लेकर कार्यकर्ताओं ने दागे सवाल

कार्यकर्ताओं ने कहा- जिला-जनपद चुनाव में जिताऊ उम्मीदवारों को दिखाया गया बाहर का रास्ता
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के खैरागढ़ दौरे के दौरान आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और कुछ पदाधिकारियों ने जमकर भड़ास निकाली। बैठक में संगठन की कमजोरी और जिला पंचायत में हार का मुद्दा हावी रहा। उच्च स्तर पर संगठन की मनमानी को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष बैज के सामने कई तरह के सवाल दागे। कार्यकर्ताओं ने सीधे कहा जिला और जनपद चुनाव में जिताऊ उम्मीदवारों को संगठन के उच्च स्तर पर पदस्थ जिम्मेदार पदाधिकारियों ने बाहर का रास्ता दिखाया इसलिए कांग्रेस की जिले में बुरी तरीके से हार हुई।
पहले फूल माला और आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत फिर बैठक में निकला मलाल

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बैज का पहले फूल माला और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। विधायक यशोदा वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के निवास स्थान के सामने आत्मीय स्वागत किया फिर विश्राम गृह में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर अपना मलाल निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले में कांग्रेस के कमजोर संगठन और जिला पंचायत चुनाव में टिकट वितरण को लेकर जमकर अपनी भड़ास निकाली। बता दे कि प्रदेश अध्यक्ष के पहली बार खैरागढ़ प्रवास पर कांग्रेस संगठन सहित निर्वाचित कई पदाधिकारी नदारद रहे। पहले पीसीसी चीफ बैज ने फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिये जिला चयन समिति का गठन किया था चयन समिति ने जिनका नाम भेजा उसी के अनुसार टिकट वितरण हुआ। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि जिस जिले में संगठन कमजोर है वहां जल्द ही बदलाव किया जाएगा और आगामी नगर पालिका चुनाव को एकजुट के साथ लड़ेंगे। जीतने वाले प्रत्याशी का नाम चयन कर ही टिकट वितरण करेंगे। इस दौरान विशेष रूप से विधायक यशोदा वर्मा, उनके पति व पीसीसी मेंबर नीलांबर वर्मा, पीएससी के महासचिव शाहिद भाई, डॉ.थानेश्वर पाटिला, जीतेन्द्र मुदलियार, पदमा देवी सिंह, जिपं सदस्य निर्मला वर्मा, शताक्षी देवव्रत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, भीखमचंद छाजेड़, भिज्ञेश यादव, जिला युकां अध्यक्ष गुलशन तिवारी, जिला महिला कांग्रेस के अध्यक्ष आरती महोबिया, गुलाब चोपड़ा, नीलेंद्र शर्मा, कांग्रेस नेता व विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, डॉ.अरुण भारद्वाज, विजय वर्मा, आरती यादव, रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास शानू, रिंकू गुप्ता, डॉ.किरण झा, संजू चंदेल, नपा के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शत्रुघ्न धृतलहरे, दिलीप लहरे, विप्लव, मंशाराम सिमकर, देवेंद्र तोड़े, नित्यशरण सिंह, सूर्यकांत यादव, हिमाचल सिंह राजपूत, रिंकू महोबिया, दयालु वर्मा, महेश यादव, यतेंद्रजीत सिंह, नदीम मेमन, सूरज देवांगन सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



