
कक्षाओं में शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत द्वारा विकासखंड के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का निरंतर निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला घानीखूटा का निरीक्षण किया और विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति वीएसके के माध्यम से निर्धारित समय पर उपस्थिति दर्ज किए जाने तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कक्षाओं में चल रहे अध्यापन कार्य एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का भी अवलोकन किया। बीईओ ने विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को 25 तक के पहाड़े कंठस्थ कराने वर्णमाला का समुचित ज्ञान, श्रुतिलेख, शुद्ध उच्चारण तथा अंग्रेजी भाषा में पढ़ने-लिखने का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही समय-सारणी एवं वार्षिक कैलेंडर के अनुसार शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। नीलम सिंह राजपूत ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए नियमित अभ्यास व्यक्तिगत मार्गदर्शन और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन से पूर्व मंत्रोच्चार किया गया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता स्वच्छता एवं बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल अमेला उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को शासन के निर्देशों के अनुरूप शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

