

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को राजा फतेह सिंह मैदान खैरागढ़ में पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्कूली वाहनों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के 21 स्कूल बसों और वैन की सुरक्षा संबंधी मानकों के अनुरूप विस्तृत जांच की गई। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने यातायात पुलिस के साथ संयुक्त रूप से वाहनों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान प्रदूषण प्रमाणपत्र फिटनेस बीमा अग्निशमन यंत्र प्राथमिक उपचार किट पैनिक बटन स्पीड गवर्नर तथा आपातकालीन निकास द्वार सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। जांच में कुछ वाहनों में आवश्यक कमियां मिलने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन को दो दिनों के भीतर उन्हें दूर कर पुनः निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन चालकों और परिचालकों को आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन यंत्र के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
