Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान के तहत 11वें आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

खैरागढ़, 23 सितंबर // सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम पर आज सिविल अस्पताल खैरागढ़ परिसर में 11वें आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने भगवान श्री धन्वंतरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को आयुर्वेद, योग, संतुलित आहार और औषधीय पौधों के महत्व से अवगत कराया गया।कार्यक्रम में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करने के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता की जानकारी दी गई। परिसर में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विभिन्न पौधों के औषधीय गुणों और उनके उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही विभिन्न मिलेट्स की प्रदर्शनी के माध्यम से इनके पोषण मूल्य एवं दैनिक आहार में उपयोगिता की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान योग का प्रदर्शन कर नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित नागरिकों को संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली में आयुर्वेद को शामिल कर स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेमकुमार पटेल ने औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इनके उपयोग के साथ संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है, ताकि महत्वपूर्ण औषधीय वनस्पतियों की उपलब्धता बनी रहे।कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुशीला बंजारे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश शरण साहू, डॉ. नरोत्तम राम नेताम, डॉ. रंजित सिंह देशमुख, डॉ. प्रसन्न कुमार प्रधान, डॉ. श्रुति जैन, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिल्पी सिंह सहित फार्मासिस्ट श्रीमती संगीता बघेल, श्री कोमदास साहू, श्री सुग्रीव दास वर्मा एवं श्री संतराम ग्रेन्ड्रे, पंचकर्म सहायक श्रीमती रामेश्वरी जांगड़े, श्रीमती धर्मिन वर्मा एवं श्री लीला राम जंघेल तथा औषधालय सेवक श्री बेनीमाधवदास वैष्णव एवं श्री शत्रुहन राम धुर्वे ने सेवाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page