KCG

साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा का पाठ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत प्रथम सप्ताह में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है ऐसे में साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतने संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने जागरूकता संदेश देते हुए कहा कि Cyber Scam किसी के साथ भी हो सकता है। साइबर अपराध का शिकार होने पर पीड़ित को दोष देने या ताने देने के बजाय परिवार और समाज को उसका सहयोग करना चाहिए। ऐसे कठिन समय में पीड़ित पर मानसिक दबाव बढ़ाने के बजाय उसे भावनात्मक सहारा देना और तत्काल कानूनी एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी के पीड़ित के साथ आरोप नहीं सहयोग करें। ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित को बैंक और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में सहयोग करें ताकि समय रहते कार्रवाई कर रकम को सुरक्षित करने की संभावना बढ़ाई जा सके।

पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय ठगी होती है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। केसीजी पुलिस ने विद्यार्थियों अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल दुनिया में सावधानी और जागरूकता के साथ कदम रखें। साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page