
कवर्धा मुख्य मार्ग पर नर्मदा के पास हुआ हादसा
शराब पीकर वाहन चला रहा था ड्राइवर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कवर्धा मुख्य मार्ग में ग्राम नर्मदा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रही गाय को ठोकर मार कर कुचल दिया जिससे गाय बुरी तरह घायल हो गई। जानकारी अनुसार शुक्रवार 15 मई की शाम तकरीबन 6 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रही एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाय ट्रक के नीचे बुरी तरह दब गई और तड़पती रही। बताया जा रहा है कि हादसे के घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक में सरकारी शराब भरा हुआ था और चालक शराब पीकर वाहन चला रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गाय को बाहर निकाला गया वहीं वाहन को कब्जे में लिया गया। मामले को लेकर थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि ट्रक चालक ने तय लिमिट से कम शराब का सेवन किया था जो कानूनी सीमा से नीचे आता है जिसके कारण वाहन चालक पर ड्रिंक एंड ड्राइव का केस नहीं किया गया है। लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने पर उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद लोगों में पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन के प्रति रोष देखने को मिला। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ रही है जिससे आम नागरिकों सहित मवेशियों की जान खतरे में पड़ रही है। पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन को जल्द ही तेज रफ्तार वाहन चालकों पर कार्यवाही करते हुए इन घटनाओं पर नियंत्रण करने सार्थक प्रयास करने चाहिए।

