
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की तहसीलवार स्थिति की समीक्षा की गई। जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली वहां संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। तहसीलदारों से प्रतिदिन गांवों का भ्रमण कर किसानों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने तथा पटवारियों और सीएससी संचालकों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने कहा कि एग्रीस्टैक में पंजीयन किसानों के लिए आवश्यक है क्योंकि इसके माध्यम से धान खरीदी सहित विभिन्न कृषि एवं शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील करते हुए ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के शौचालयों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर सभी शौचालयों को उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण, धान उठाव, गौधाम योजना, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा कैच द रेन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी संचालन और निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर व सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
