Uncategorized

गंडई के अचानकपुर स्कूल में चोरी, 73 हजार का सामान पार

गंडई-पंडरिया। नगर के समीप ग्राम अचानकपुर स्थित शासकीय प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 73 हजार रुपए का सामान पार कर दिया। चोर स्कूल के मुख्य दरवाजे सहित नौ कमरों के ताले तोड़कर भीतर घुसे और बर्तन, स्मार्ट टीवी, पंखे व साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और पालकों में नाराजगी है। जानकारी अनुसार गांव के पंच रोहित यादव गुरुवार सुबह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल के ताले टूटे और दरवाजे खुले देखे। उन्होंने तत्काल स्कूल के स्वीपर को इसकी जानकारी दी। स्वीपर ने प्रधानपाठक पन्नालाल जंघेल को फोन पर सूचना दी। इसके बाद प्रधानपाठक स्कूल पहुंचे और मोहगांव पुलिस को घटना से अवगत कराया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। उल्लेखनीय है कि घटना के दो दिन पहले स्कूल के सामने स्थित गौठान में भी चोरी होने की बात सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

मोहगांव थाना प्रभारी महेंद्र कुमार टंडन ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page