
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के संस्कृत विभाग द्वारा संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य में कालिदास कक्ष में श्लोकान्त्याक्षरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभागाध्य डॉ.पूर्णिमा केलकर के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में 17 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों को पाणिनि, पतंजलि और कालिदास तीन समूहों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता तीन चरणों में हुई। प्रथम चरण में सामान्य अन्त्याक्षरी, दूसरे चरण में विद्या, धन आदि विषयों से संबंधित श्लोक तथा तीसरे चरण में साहित्य एवं ग्रंथों से संबंधित श्लोक प्रस्तुत किए गए।प्रतियोगिता में 140 अंक प्राप्त कर पाणिनि समूह ने प्रथम, 120 अंक के साथ कालिदास समूह ने द्वितीय तथा 85 अंक प्राप्त कर पतंजलि समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक के रूप में इतिहास विभाग के अतिथि व्याख्याता डॉ.चैनसिंह नागवंशी तथा सहायक के रूप में संस्कृत विभाग की शोधछात्रा ममता वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.मंगलानन्द झा भी मौजूद रहे। अंत में संस्कृत विभागाध्यक्ष एवं कला-संकाय अधिष्ठाता ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का प्रतिवेदन डॉ.पूर्णिमा केलकर ने प्रस्तुत किया।