श्रम अधिकारी के अभाव में ठप पड़ा है श्रम विभाग का कामकाज

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। जिले में श्रम विभाग में पिछले चार माह से श्रम अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसका सबसे अधिक असर श्रम कार्ड बनवाने वाले श्रमिकों और हितग्राहियों पर पड़ रहा है जिन्हें बार-बार सीएससी सेंटरों और श्रम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जानकारी अनुसार जिले के विभिन्न सीएससी सेंटरों में श्रम कार्ड निर्माण एवं नवीनीकरण से संबंधित हजारों आवेदन लंबित हैं। श्रम अधिकारी के अभाव में इन आवेदनों का निराकरण नहीं हो पा रहा है जिससे श्रमिक वर्ग को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में देरी हो रही है। हितग्राहियों का कहना है कि वे कई बार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर चुके हैं लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि नाराज हितग्राही कई बार सीएससी संचालकों से भी शिकायत करते नजर आते हैं जबकि विभागीय स्तर पर अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण सेंटर संचालक भी असहाय हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला गठन के चार वर्ष बाद भी कई विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है। श्रम विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग में लंबे समय से अधिकारी का न होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक यशोदा वर्मा ने बताया कि मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है और जल्द आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। श्रमिकों और हितग्राहियों को उम्मीद है कि विभाग में जल्द अधिकारी की नियुक्ति होगी जिससे लंबित कार्यों का निराकरण हो सकेगा।

Exit mobile version